चंडीगढ़, 11 सितंबर 2026: हरियाणा सरकार ने प्रदेशभर के ग्रामीण सफाई कर्मियों के हित में कई महत्वपूर्ण कल्याणकारी फैसले लिए हैं। ये निर्णय 29 मई 2026 को ग्रामीण सफाई कर्मियों के साथ हुई बैठक में उठाई गई मांगों के मद्देनजर लिए गए हैं। इस संबंध में विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक द्वारा पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार ग्रामीण सफाई कर्मियों के बढ़े हुए मानदेय की जनवरी 2026 से बकाया राशि का भुगतान किया जाएगा। जनवरी 2026 से 30 जून 2026 तक मानदेय में 2100 रुपये की वृद्धि करते हुए इसे 16000 रुपये से बढ़ाकर 18100 रुपये प्रतिमाह किया गया है।
इसके साथ ही अक्तूबर 2023 के हड़ताल अवधि के दौरान जिन पात्र ग्रामीण सफाई कर्मियों का मानदेय भुगतान नहीं हुआ था उन्हें आधिकारिक रिकॉर्ड के सत्यापन के बाद बकाया मानदेय जारी किया जाएगा। इनमें ढांड के 48 फरुखनगर के 54 तथा सिंहमा के 25 और निजामपुर के 15 ग्रामीण सफाई कर्मी शामिल हैं।
सरकार ने गांव से बाहर ड्यूटी पर लगाए जाने वाले ग्रामीण सफाई कर्मियों के लिए भी राहत प्रदान की है। ऐसे कर्मियों को 200 रुपये प्रतिदिन का भत्ता संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय द्वारा पेटी कैश से दिया जाएगा।
ग्रामीण सफाई कर्मियों के लिए वार्षिक वर्दी भत्ते में भी बढ़ोतरी की गई है। वर्दी भत्ता 4000 रुपये से बढ़ाकर 6000 रुपये प्रतिवर्ष कर दिया गया है। इसी प्रकार धुलाई भत्ते में 500 रुपये की वृद्धि करते हुए इसे 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिवर्ष किया गया है।
ये भी देखे: हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, सरकारी स्कूलों में निर्माण कार्य अब नई ब्रांच संभालेगी