हरदोई, 16 जुलाई 2025: फतेहाबाद के नघेटा मार्ग पर स्थित कीर्ति कृष्णा नर्सिंग होम (जो बच्चों के अस्पताल के रूप में जाना जाता है) में बुधवार शाम को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जो नर्सिंग होम की ऊपरी मंजिल पर शुरू हुआ।
आग लगने से अस्पताल में अफरातफरी मच गई। चूंकि यह बच्चों का अस्पताल है, जिसमें ज्यादातर बच्चे भर्ती थे, मरीजों और उनके तीमारदारों में दहशत फैल गई। तीमारदारों ने किसी तरह बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस और प्रशासन ने अस्पताल परिसर को खाली करवाकर जांच शुरू कर दी है। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय पुलिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की पुष्टि के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है, और मामले की गहन जांच की जा रही है।
ये भी देखे: Noida Fire: नोएडा सेक्टर-3 की बिल्डिंग में लगी भीषण आग, आसमान में धुएं का गुबार