फाजिल्का, 18 मार्च 2026: फाजिल्का के गांव बहक खास स्थित गुरुद्वारा साहिब में मंगलवार शाम एक ग्रंथी पर रोटी बनाने वाले तवे से हमला हुआ। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्रंथी स्वर्ण सिंह अरदास कर रहे थे। तभी एक युवक हाथ में तवा लेकर पहुंचा। उसने पीछे से ग्रंथी के सिर पर जोरदार वार किया। ग्रंथी ने दस्तार (पगड़ी) बांधी हुई थी जिससे गंभीर चोट लगने से बचाव हुआ।
हमले के फौरन बाद ग्रंथी और मौजूद श्रद्धालुओं ने युवक को पकड़ लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लाधुका पुलिस चौकी इंचार्ज बलकार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
आरोपी की पहचान गांव बहक खास निवासी सुनील सिंह पुत्र चिमन सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस हमले के पीछे का कारण तलाश रही है। बलकार सिंह ने साफ किया कि यह हमला ग्रंथी पर हुआ था। इसमें बेअदबी या गुरु ग्रंथ साहिब से जुड़े किसी अपमान का मामला सामने नहीं आया है।
ये भी देखे: चिट्टा और गैंगस्टरवाद अकाली दल की ही देन, बादल का बयान पंजाबियों के साथ एक मजाक – बलतेज पन्नू