चंडीगढ़, 18 अप्रैल : पंजाब में कई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड और गैंगस्टर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया आखिरकार अमेरिका में पकड़ा गया है । बता दें कि अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई और इमीग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट की इन्फोर्समेंट एंड रिमूवल ऑपरेशंस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत के पंजाब में आतंकी गतिविधियों में कथित रूप से शामिल हरप्रीत सिंह को कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो शहर से गिरफ्तार किया है। एफबीआई ने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर दी है। एफबीआई के अनुसार, हरप्रीत सिंह दो अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों से जुड़ा हुआ है और उस पर पंजाब में कई आतंकी हमलों को अंजाम देने का आरोप है। जांच एजेंसी के मुताबिक, वह अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुआ था और गिरफ्तारी से बचने के लिए बर्नर फोन (अस्थायी सिम और मोबाइल फोन) का इस्तेमाल करता था।
कई ग्रेनेड हमलों में शामिल था
चंडीगढ़ के सेक्टर 10 डी में हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पासिया पर 5 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था. इस हमले की साजिश रचने में उसका नाम प्रमुख रूप से सामने आया था. 23 मार्च को हृढ्ढ्र ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े चार आतंकियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी, जिसमें पासिया का नाम भी शामिल था. इसके अलावा पाकिस्तान में बैठे रिंदा का नाम भी चार्जशीट में दर्ज है। अब जब पासिया अमेरिका में पकड़ा गया है, तो भारत उसे वापस लाने के लिए इंटरपोल की मदद ले सकता है. भारत में उस पर कई मामलों में मुकदमा चलाया जाना है और लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी की मांग हो रही थी।