चंडीगढ़, 14 मार्च 2026: हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने शनिवार को अपनी माता मति प्रेम कौर कल्याण के अंतिम दर्शन करते हुए गहरी भावुकता व्यक्त की। अंतिम संस्कार के दौरान स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने स्वयं मां के शव को कंधा दिया और शव यात्रा में शामिल हुए। मति प्रेम कौर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव कुटेल की शिव पूरी में विधि-विधान से संपन्न हुआ।
शव यात्रा में हजारों की संख्या में स्थानीय निवासी, राजनीतिक कार्यकर्ता, विधायक, पूर्व विधायक, सरकारी अधिकारी और आम जनता शामिल हुई। सभी ने मति प्रेम कौर को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। अंतिम दर्शन के दौरान हरविंद्र कल्याण कई बार भावुक हो गए। उन्होंने मां के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित करते हुए लंबे समय तक नमन किया।
परिवार के सदस्यों और मौजूद लोगों ने बताया कि मति प्रेम कौर ने पूरे जीवन में सादगी, धैर्य और परिवार के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने परिवार को हमेशा एकजुट रखा और समाज में सम्मान की नजर से देखी गईं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष माननीय हरविंद्र कल्याण जी की माता प्रेम कौर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दें। ओम शांति।”
ये भी देखे: रोहतक के ककराना गांव में शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार