चंडीगढ़, 14 मार्च 2026: पंजाबी गायक मनकीरत औलख के नाम का दुरुपयोग कर लोगों से ठगी करने का मामला सामने आया है। खुद मनकीरत औलख ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए लोगों को सावधान किया है। उन्होंने बताया कि कुछ ठग उनके नाम का इस्तेमाल करके फोन कर रहे हैं और लोगों को पैसे ठगने की कोशिश कर रहे हैं।
मनकीरत औलख ने वीडियो जारी कर कहा कि कुछ लोग पाकिस्तान के नंबरों से कॉल कर रहे हैं। वे खुद को मनकीरत औलख या उनकी टीम का सदस्य बताते हैं। ये ठग खासकर गरीब और कम पढ़े-लिखे लोगों को निशाना बना रहे हैं। वे पहले मीठी-मीठी बातें करते हैं और कहते हैं कि वे उनकी मदद करेंगे या 10 लाख रुपये तक की सहायता दिलवाएंगे। इसके बाद वे रजिस्ट्रेशन या प्रोसेस के नाम पर पैसे मांगते हैं।
कई लोग उनकी बातों में आकर 2000, 5000 या 10,000 रुपये तक भेज देते हैं। कुछ मामलों में लोगों से OTP (वन टाइम पासवर्ड) भी मांगा जा रहा है। मनकीरत औलख ने साफ कहा है कि किसी भी हालत में अपना OTP किसी को न दें और किसी अनजान नंबर पर पैसे ट्रांसफर न करें।
उन्होंने हाथ जोड़कर अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति मनकीरत औलख बनकर फोन करता है तो समझ लें कि वह ठग है। असली मनकीरत औलख या उनकी टीम कभी इस तरह किसी से पैसे नहीं मांगती। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और ऐसी कॉल्स की जानकारी पुलिस को देने की भी सलाह दी है।
ये भी देखे: मोहाली कबड्डी कप में फायरिंग, कोच राणा बलचौरिया की गोली लगने से मौत