अमेरिका, 18 अप्रैल : अमेरिका के एक पूर्व सैन्यकर्मी ने बेलीज में एक छोटे यात्री विमान को हाईजैक कर लिया। इसके बाद वह एक यात्री द्वारा चलाई गई गोली लगने से मारा गया। बता दें कि बेलीज और अमेरिका दोनों ने इस घटना की पुष्टि की है। बेलीज पुलिस ने अपहरणकर्ता की पहचान अकिनयेला टेलर के रूप में की है। उसने जिस ‘ट्रिपोक एयर’ विमान का अपहरण किया था उसमें 14 यात्री और चालक दल के दो सदस्य सवार थे। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से हवाई अड्डे पर उतर गए हैं। बेलीज के पुलिस आयुक्त चेस्टर विलियम्स ने बताया कि टेलर ने विमान में सवार दो यात्रियों और एक पायलट पर चाकू से वार किया। विलियम्स ने बताया कि तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विलियम्स ने बताया कि टेलर एक यात्री द्वारा चलाई गई गोली लगने से मारा गया।
आपातकाल की घोषणा की
‘बेलीज एयरपोर्ट कंसेशन कंपनी’ के एक बयान के अनुसार, विमान कोरोजल से सैन पेड्रो जा रहा था और बेलीज के प्राधिकारियों ने अपहरण के बाद पूर्ण आपातकाल की घोषणा कर दी थी। अपहरण की यह घटना बृहस्पतिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे हुई. बयान के अनुसार, विमान कई घंटों तक इधर-उधर चक्कर लगाता रहा और अंतत: उसे तटीय शहर लेडीविले के हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया. ‘बेलीज एयरपोर्ट कंसेशन कंपनी’ ने बताया कि सभी यात्रियों को बचा लिया गया है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।