पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पीएम मोदी से की मुलाकात, आपदा के बारे में दी जानकारी

by Manu
जयराम ठाकुर

नई दिल्ली, 28 जुलाई 2025: हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और राज्य में हाल की प्राकृतिक आपदाओं से हुए भारी नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने आपदा में घर और जमीन गंवाने वाले लोगों के पुनर्वास के लिए वन संरक्षण कानून में रियायत देकर भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष (एरिया स्पेसिफिक) राहत पैकेज की जरूरत पर जोर दिया।

जयराम ठाकुर ने बताया कि 30 जून की रात को मंडी जिले के सराज, करसोग और नाचन में आई भीषण आपदा में 42 लोगों की जान गई, जिसमें अकेले सराज में 29 लोगों की मौत हुई और 1,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। पूरे प्रदेश में इस आपदा से 1,200 करोड़ रुपये से ज्यादा की क्षति हुई, जिसमें 500 से अधिक घर पूरी तरह बह गए और 1,000 से ज्यादा घर इतने क्षतिग्रस्त हो गए कि वे रहने लायक नहीं बचे। खासकर धर्मपुर के स्याठी गांव में भारी तबाही हुई, जहां पूरा गांव जमींदोज हो गया और लोग खुले आसमान के नीचे रातें बिता रहे हैं।

उन्होंने बार-बार होने वाली प्राकृतिक आपदाओं के कारणों का अध्ययन करने की मांग भी की, ताकि भविष्य में ऐसी क्षति से बचा जा सके।

ये भी देखे: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर आया पीएम मोदी का पहला बयान, कहा- ”उनकी अच्छी सेहत…”

You may also like