इंदौर, 09 जून 2025: इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में मेघालय पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी। सोनम ने 8 जून 2025 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में नंदगंज पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मेघालय पुलिस ने इस मामले में तीन अन्य आरोपियों राज कुशवाहा, विशाल चौहान और आकाश राजपूत को भी गिरफ्तार किया है, जबकि चौथे संदिग्ध की तलाश जारी है।
राज कुशवाहा कौन है?
राज कुशवाहा सोनम से पांच साल छोटा है, सोनम के परिवार की प्लाईवुड दुकान में बिलिंग विभाग में काम करता था। दुकान पर काम करने के दौरान ही सोनम और राज की दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनम और राज के बीच शादी से पहले से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था, और कॉल रिकॉर्ड्स से उनके बीच लगातार संपर्क की पुष्टि हुई है।
सोनम और राज कुशवाहा ने रची हत्या की साजिस साजिश
11 मई 2025 को सोनम की शादी इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी से हुई। लेकिन सोनम अपने प्रेमी राज कुशवाहा को पाने के लिए राजा को रास्ते से हटाने की योजना बना चुकी थी। शादी के छह दिन बाद, सोनम ने हनीमून के लिए मेघालय का प्लान बनाया और टिकट बुक किए। 20 मई को दोनों शिलांग पहुंचे। 22 मई को वे नोंग्रियाट गांव में डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज देखने गए। 23 मई को वे तीन अन्य लोगों के साथ मावलाखियात गांव में ट्रैकिंग के लिए देखे गए, जिन्हें टूर गाइड अल्बर्ट पी.डी. ने हिंदी में बात करते हुए देखा।
पुलिस के अनुसार, राज कुशवाहा ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर राजा की हत्या की। हत्या में इस्तेमाल एक खून से सना मचेटा और रेनकोट घटनास्थल से बरामद हुआ। 2 जून को राजा का शव सोहरा के वेई सॉडॉन्ग झरने के पास 200 फीट गहरी खाई में सड़ा-गला हालत में मिला।

कैसे दिया राजा रघुवंशी के हत्या को अंजाम?
मेघालय डीजीपी इदाशीशा नोंग्रांग ने बताया कि सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी। सोनम ने हनीमून के लिए मेघालय को चुना और वहां राज कुशवाहा के साथियों ने हत्या को अंजाम दिया। हत्या के बाद सोनम लापता हो गई थी और 8 जून की रात को गाजीपुर के काशी ढाबे पर बदहवास हालत में मिली। उसने अपने भाई गोविंद को रात 3 बजे फोन कर अपनी लोकेशन बताई, जिसके बाद इंदौर पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
मेघालय पुलिस ने इस मामले को प्री-प्लान्ड मर्डर करार दिया है। राज कुशवाहा को मास्टरमाइंड माना जा रहा है, जिसने सोनम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड्स और वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू की है, जिसमें पता चला कि सोनम ने हनीमून से पहले 9 लाख रुपये निकाले थे। मेघालय पुलिस सोनम को शिलांग ले जाने की तैयारी कर रही है, जहां उससे गहन पूछताछ होगी। एक अन्य संदिग्ध आनंद कुर्मी की तलाश जारी है।