6 दिसंबर को दिल्ली कूच करेंगे किसान, बैठक में लिया बड़ा फैसला
चंडीगढ़ : किसानों ने एक बार फिर दिल्ली कूच करने का निर्णय लिया है। आज चंडीगढ़ में हुई किसानों की बैठक में किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने घोषणा की कि 6 दिसंबर को किसान शंभू बॉर्डर से दिल्ली की ओर कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के बिना समूह में दिल्ली पहुंचेंगे और अपनी मांगें सरकार के समक्ष रखेंगे। पंधेर ने कहा कि किसान पिछले नौ महीनों से शांत बैठे थे, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को अनदेखा कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार के पास 6 दिसंबर तक का समय है। अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो किसान पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर और रामलीला ग्राउंड में जगह की मांग की है। पंधेर ने कहा, “सरकार को तय करना है कि वह बातचीत के जरिए मसला हल करना चाहती है या किसानों पर दमनकारी कार्रवाई से।” संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने भी आंदोलन को धार देने के लिए 26 नवंबर से आमरण अनशन की घोषणा की है। वह खनौरी बॉर्डर पर बैठकर अंतिम सांस तक अनशन जारी रखेंगे। डल्लेवाल ने कहा कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी और फसल खरीद में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर गंभीर नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनके अनशन के दौरान कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार जिम्मेदार होगी।
6 दिसंबर को दिल्ली कूच करेंगे किसान, बैठक में लिया बड़ा फैसला
57
previous post