चंडीगढ़, 05 दिसंबर 2025: पंजाब में किसानों का घोषित रेल रोको आंदोलन शुरू होने से पहले ही पुलिस सतर्क हो गई। संभावित अव्यवस्था रोकने के लिए कई प्रमुख किसान नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया। फिर भी किसान संगठनों ने साफ कर दिया कि वे दोपहर 1 से 3 बजे तक शांतिपूर्ण धरना देंगे।
किसान यूनियनों ने 19 जिलों में 26 रेलवे स्टेशनों पर रेल ट्रैक कब्जाने का ऐलान किया है। लुधियाना, जालंधर और अमृतसर जैसे जिलों में सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ेगा। यह दो घंटे का धरना रेल यातायात को बुरी तरह बाधित कर सकता है। रेलवे ने इमरजेंसी प्लान तैयार कर लिया है। कुछ ट्रेनें रोकने, रूट डायवर्ट करने या कैंसल करने की तैयारी चल रही है।
पंजाब पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए कई नेताओं के घरों के बाहर भारी फोर्स तैनात कर दी। भारतीय किसान मजदूर यूनियन (पंजाब) के अध्यक्ष दिलबाग सिंह को भी नजरबंद कर लिया गया। वे लुधियाना में आंदोलन के मुख्य आयोजक हैं। दिलबाग ने कहा कि हाउस अरेस्ट हमें नहीं रोक सकती। आंदोलन होगा।
किसान संगठनों का कहना है कि यह धरना MSP की गारंटी और अन्य मांगों के लिए है। पुलिस ने चेतावनी दी कि शांतिपूर्ण रहें वरना सख्त कार्रवाई होगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की कि स्टेशन पर अपडेट चेक करें।
ये भी देखे: पंजाब में किसानों ने पराली जलाने पर गिरफ्तारी को गलत ठहराया, सरकार पर लगाया भेदभाव का इल्जाम