लखनऊ, 23 दिसंबर 2025: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ सरकार में किसानों की बदहाली चरम पर पहुंच गई है। किसानों को अब अपनी उपज का लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है।
मंगलवार को एक बयान में अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को राहत देने के नाम पर हर हाल में परेशानी ही दी है। खाद, बीज और यूरिया के लिए किसान मारा-मारा फिर रहा है। सर्दी में घंटों लाइन में लगे किसानों को सिर्फ मायूसी हाथ लग रही है। उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि महंगाई की मार और कर्ज के दबाव में किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। बिजली महंगी है। कीटनाशक और बीज उपलब्ध नहीं हैं। कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। धान की खरीद नहीं हो रही। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल नहीं खरीदी जा रही। खरीद केंद्रों के जिम्मेदार लोग किसानों की मदद के बजाए उन्हें दलालों के पास भेज रहे हैं।
अखिलेश ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा, “अब जनता का सब्र टूटता जा रहा है। किसान 2027 के विधानसभा चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। वह भाजपा सरकार को सत्ता से हटाकर ही मानेगा। तभी किसान और जवान खुशहाल होगा।”
ये भी देखे: लोकसभा में ‘वंदे मातरम’ पर बहस, अखिलेश यादव ने कहा- सब कुछ ‘अपना’ बनाने की साजिश