नोएडा,24 जुलाई,2024: आबकारी विभाग नोएडा में देसी, कंपोजिट और मॉडल शराब की फुटकर दुकानों के संचालन में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय हो गया है। उत्तर प्रदेश शासन और आबकारी आयुक्त के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में आबकारी विभाग ने शहर में स्थित शराब की दुकानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 द्वारा सेक्टर 12, 16, 22 एवं 27 में स्थित फुटकर देसी शराब, कंपोजिट और मॉडल शॉप्स का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध स्टॉक की गहन जाँच, बिक्री की दरों की जाँच और POS मशीन द्वारा शत-प्रतिशत बिक्री की स्थिति का अवलोकन किया गया।
उल्लंघन करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सभी दुकानों पर निर्धारित दर पर ही बिक्री हो और सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्यरत हों। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने दुकानों को आगाह किया कि POS मशीन से हर बिक्री की जानकारी दर्ज की जाए। नियमों के उल्लंघन पर लाइसेंस रद्द करने और कानूनी कार्रवाई की भी हिदायत दी गई।
यह कार्रवाई सिर्फ निरीक्षण तक सीमित नहीं रहेगी
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें नियमित प्रवर्तन अभियान जारी रखेंगी। यह कार्रवाई सिर्फ निरीक्षण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आवश्यक होने पर कानूनी कार्रवाइयाँ भी सुनिश्चित की जाएँगी। प्रशासन की यह पहल न केवल अवैध शराब पर नकेल कसने के उद्देश्य से है, बल्कि उपभोक्ताओं को गुणवत्ता और पारदर्शिता प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बड़ा बस हादसा! खाई में गिरी HRTC बस, 20-25 यात्री घायल