ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र यादव ने कजरा सौर ऊर्जा और बैटरी भंडारण परियोजना का किया निरीक्षण

by Manu
ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र यादव

पटना, 07 अप्रैल 2026: बिहार के ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने सोमवार को लखीसराय के कजरा सौर ऊर्जा सह बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजना स्थल का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। कजरा संयंत्र की कुल क्षमता 301 मेगावाट सौर ऊर्जा और 523 मेगावाट-आवर बैटरी भंडारण प्रणाली है।

इसमें फेज-1 में 185 मेगावाट सौर ऊर्जा और 282 मेगावाट-आवर बैटरी भंडारण क्षमता का वाणिज्यिक संचालन (सीओडी) 26 फरवरी 2026 को सफलतापूर्वक प्राप्त हो चुका है। फेज-2 में 116 मेगावाट सौर ऊर्जा और 241 मेगावाट-आवर बैटरी भंडारण का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इससे न केवल ऊर्जा आपूर्ति मजबूत होगा, बल्कि पीक डिमांड के समय भी ग्रिड की स्थिरता बनी रहेगी।

निरीक्षण के दौरान बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीजीसीएल) के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार (भा.प्र.से.), अवधेश कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी), बीएसपीजीसीएल, नीरज कुमार, अपर जिला पदाधिकारी (रिवेन्यू), लखीसराय, शंभू कुमार, अपर जिला पदाधिकारी (लोकशिकायत), लखीसराय, दिलीप कुमार, मुख्य अभियंता (जेनरेशन), बीएसपीजीसीएल, एलएंडटी तथा बीएसपीजीसीएल के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ऊर्जा मंत्री द्वारा परियोजना निरीक्षण के उपरांत पौधरोपण किया गया । ऊर्जा मंत्री ने एलएंडटी और बीएसपीजीसीएल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें परियोजना की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने फेज-2 के शीघ्र पूर्ण होने के निर्देश दिए और इसे राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार के लिए इस परियोजना को मील का पत्थर बताया।

ऊर्जा मंत्री ने संयंत्र में स्थापित ‘बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम’ का भी निरीक्षण किया, जो कि देश की सबसे बड़ी बैटरी स्टोरेज परियोजनाओं में से एक है। यह प्रणाली सूर्यास्त के बाद भी 4 घंटों तक निर्बाध बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कजरा के आसपास पहाड़ी क्षेत्रों में नई नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की संभावना तलाशने का निर्देश दिया। दीपक कुमार नायक, वाइस प्रेसिडेंट एवं हेड (रिन्यूएबल), एलएंडटी ने मंत्री को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इन पहाड़ी क्षेत्रों में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार कर बीएसपीजीसीएल को सौंप देंगे।

मंत्री ने नई नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की स्थापना में नवीनतम प्रौद्योगिकियों का उपयोग करने पर भी जोर दिया और अधिकारियों को प्रौद्योगिकी के नवीनतम ट्रेंड्स का अध्ययन कर बिहार में और बेहतर परियोजनाएं विकसित करने का निर्देश दिया।

साथ ही, ऊर्जा मंत्री ने सुझाव दिया कि उत्तर बिहार में अवस्थित तालाबों अथवा जलाशयों पर फ्लोटिंग सोलर एवं रेज्ड स्ट्रक्चर के साथ सोलर परियोजनाओं की असीम संभावनाएं है। इन सभी पर नवीनतम तकनीक के तहत कार्य करने का निर्देश दिया। यह परियोजना बिहार को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ये भी देखे: उद्योग मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी अपने विभाग की उपलब्धियों की जानकारी

You may also like