छत्तीसगढ़ में सुरक्षाकर्मी व नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़, 16 की मौत

by TheUnmuteHindi
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाकर्मी व नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़, 16 की मौत

नई दिल्ली, 29 मार्च : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में शनिवार सुबह सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें कई नक्सली मारे गए। जानकारी के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक मुठभेड़ में 16 नक्सली मार गिराए गए हैं, जबकि दो जवान घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र में हो रही है। उन्होंने बताया कि केरलापाल थाना क्षेत्र में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर शुक्रवार को सुकमा जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था।

बदलाव शांति व विकास ही ला सकते : शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 16 नक्सलियों के मारे जाने के बाद कहा कि हथियार रखने वाले और हिंसा का सहारा लेने वाले बदलाव नहीं ला सकते, शांति और विकास ही ला सकते हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट लिख कहा कि नक्सलवाद पर एक और प्रहार! हमारी सुरक्षा एजेंसियों ने सुकमा में एक अभियान में 16 नक्सलियों को मार गिराया और स्वचालित हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार 31 मार्च, 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। हथियार रखने वालों से मेरी अपील है कि हथियार और हिंसा बदलाव नहीं ला सकते, शांति और विकास ही ला सकते हैं।

दो जवानों को आई मामूली चोटें

बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने अपडेट देते हुए बताया कि 16 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। दो जवानों को मामूली चोटें आईं हैं। खबर है कि इस मुठभेड़ में डीवीसीएम जगदीश ढेर हो गया है। वहीं सुकमा एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि हमने अब तक 16 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। बड़ी संख्या में एके-47, एसएलआर, इंसास राइफल और अन्य हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। दो जवानों को मामूली चोटें आई हैं।

You may also like