मुजफ्फरनगर, 22 मार्च: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस ने एक बड़े अपराधी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शुक्रवार देर रात थाना फुगाना क्षेत्र के हाईवे पर हुई। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य बदमाशों को पुलिस ने बाद में गन्ने के खेतों से दबोच लिया।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गिरोह मेरठ-करनाल हाईवे पर वाहनों से डीजल और स्टेपनी चोरी करने की योजना बना रहा है। इस पर सीओ फुगाना ऋषिका सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए बदमाशों के पास से 100 लीटर डीजल, एक इंडिका कार, दो ट्रक, तीन रिम, छह स्टेपनी और अवैध हथियार बरामद किए गए। घायल बदमाशों की पहचान राशिद और गुलफाम के रूप में हुई, जो मेरठ के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गाजीपुर में भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
मुजफ्फरनगर के अलावा, गाजीपुर में भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। यहां भी दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बदमाशों ने भागते समय पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।
सीओ फुगाना ऋषिका सिंह ने बताया कि यह गिरोह काफी समय से हाईवे पर वाहनों से चोरी और लूटपाट में सक्रिय था। पुलिस को इनकी लंबे समय से तलाश थी। घायल बदमाशों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, और सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी देखे: योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में किए रामलला के दर्शन, मां पाटेश्वरी मंदिर में की पूजा