सोनीपत, 19 जनवरी 2026: हरियाणा के सोनीपत जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खरखोदा थाना क्षेत्र के गांव में करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। महिला रविवार शाम खेत में हरा चारा लेने गई थी। देर रात तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। पूरी रात खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं चला।
सोमवार सुबह गांव से बाहर ड्रेन के पास झाड़ियों में महिला का शव बरामद हुआ। शव अर्धनग्न हालत में था। इससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना मिलते ही कुंडली और खरखोदा पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका तीन बेटों और तीन बेटियों की मां थी। सभी बच्चों की शादी हो चुकी है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: सोनीपत में हरियाणवी मॉडल शीतल की गला रेतकर हत्या, नहर में मिला शव