प्रधानमंत्री रहते पहले किया अपमान, अब निधन के बाद डॉ मनमोहन सिंह पर राजनीति कर रही कांग्रेस : चुग

कहा, यह वही कांग्रेस है जिसने डॉ. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री रहते हुए उनका लगातार अपमान किया

by TheUnmuteHindi
प्रधानमंत्री रहते पहले किया अपमान, अब निधन के बाद डॉ मनमोहन सिंह पर राजनीति कर रही कांग्रेस : चुग

प्रधानमंत्री रहते पहले किया अपमान, अब निधन के बाद डॉ मनमोहन सिंह पर राजनीति कर रही कांग्रेस : चुग
कहा, यह वही कांग्रेस है जिसने डॉ. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री रहते हुए उनका लगातार अपमान किया
चंडीगढ़, 30 दिसंबर : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुग ने गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर राजनीति करने का आरोप लगाया। चुग ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खडग़े पर निशाना साधते हुए कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी कांग्रेस की कुंठित मानसिकता को दर्शाता है।
चुग ने कहा की प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कल ही कैबिनेट ने फैसला लिया की दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जिन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था में सुधार सहित भारत के विकास में योगदान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया उनकी स्मृति एवं सम्मान में स्मारक का निर्माण किया जाएगा, इसके लिए जो भी आवश्यकताएं है उसको पूरा किया जाएगा, इतना ही नहीं इस निर्णय की सूचना स्वयं गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को भी दी, लेकिन इस सब के बाद कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा गलत बयानबाजी करना दर्शाता है की किसी दिवंगत नेता की मृत्यु पर भी कांग्रेस राजनीतिक रोटियां सेक रही है।
चुग ने कहा, यह वही कांग्रेस है जिसने डॉ. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री रहते हुए उनका लगातार अपमान किया, सोनिया गांधी को ‘सुपर पीएम’ बनाकर हमेशा डॉ मनमोहन सिंह की प्रतिभा और अनुभव को दरकिनार किया गया, राहुल गांधी ने तो एक बार डॉ. सिंह की कैबिनेट द्वारा पास अध्यादेश को सार्वजनिक रूप से फाडक़र न केवल डॉ. सिंह का ही नहीं बल्कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा का भी अपमान किया। अब कांग्रेस उनके निधन को शर्मनाक तरीके से राजनीतिक मुद्दा बना रही है। चुग ने कांग्रेस पर नेहरू-गांधी परिवार के बाहर के नेताओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा, डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरदार वल्लभभाई पटेल, लाल बहादुर शास्त्री, पी.वी. नरसिम्हा राव और प्रणब मुखर्जी जैसे दिग्गजों का कांग्रेस और गांधी परिवार ने हमेशा अपमान किया है।
गांधी परिवार ने डॉ. अंबेडकर को अंतिम श्रद्धांजलि देने में भी संकोच किया
डॉ. अंबेडकर के प्रति कांग्रेस के रवैये पर बोलते करते हुए चुग ने कहा, नेहरू-गांधी परिवार ने डॉ. अंबेडकर को अंतिम श्रद्धांजलि देने में भी संकोच किया। उनके निधन के बाद उनके नाम पर कोई स्मारक नहीं बनाया गया। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. अंबेडकर के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थानों का पुनरुद्धार कर पंचतीर्थ बनवाया, इनही पंचतीर्थों में से एक दिल्ली स्थित 26 अलीपुर रोड, जहां डॉ. अंबेडकर ने अंतिम सांस ली, को मोदी सरकार ने अधिग्रहित कर 200 करोड़ से अधिक रुपयों से इस स्थान को एक सम्मानपूर्वक स्मारक में बदला। जबकि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी सिर्फ और सिर्फ वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति में व्यस्त रहे।
कांग्रेस ने दिल्ली में नहीं दी पीवी नरसिम्हा राव के अंतिम संस्कार की अनुमति
चुग ने 2004 की घटना को याद करते हुए बताया कि कांग्रेस ने दिल्ली में पी.वी. नरसिम्हा राव के अंतिम संस्कार की अनुमति नहीं दी, जिसके कारण उनका अंतिम संस्कार हैदराबाद में करना पड़ा। उन्होंने कहा कि 2015 में प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में उनका स्मारक बनाया और 2024 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया। चुग ने कहा, कांग्रेस ने केवल अपने परिवार के सदस्यों के लिए स्मारक बनाए। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी प्रधानमंत्रियों को सम्मानित करने के लिए ‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ की स्थापना की। कांग्रेस को सम्मान का सही अर्थ मोदी से सीखना चाहिए। चुग ने कांग्रेस पर अपनी नीतियों और योजनाओं का नाम नेहरू-गांधी परिवार के सदस्यों के नाम पर रखने का भी आरोप लगाया, जबकि अन्य राष्ट्रीय नेताओं की उपेक्षा की। उन्होंने अंत में कहा, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खडग़े और कांग्रेस को इस घटिया राजनीति को छोडक़र सिद्धांतों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

You may also like