बहराइच, 23 अगस्त 2025: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में शुक्रवार को जन्माष्टमी के उत्सव के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें हाईटेंशन विद्युत तार से करंट लगने के कारण आठ बच्चों समेत 11 लोग झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, और डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
नवाबगंज थाने के प्रभारी रमाशंकर यादव ने बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र के निम्निहारा गांव में जन्माष्टमी के दिन ग्रामीणों ने भगवान राधा-कृष्ण की मूर्ति स्थापित की थी। विसर्जन के लिए ग्रामीण और बच्चे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मूर्ति रखकर जुलूस निकाल रहे थे। जुलूस में एक बच्चे के हाथ में लहराता झंडा सड़क किनारे गुजर रही हाईटेंशन तार से छू गया, जिससे झंडे और ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट उतर गया।
ट्रैक्टर पर सवार बच्चे और जुलूस में सटे हुए लोग करंट की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद एक होमगार्ड ने तुरंत अपनी लाठी से तार पर प्रहार किया, जिससे करंट का प्रवाह रुक गया। थाना प्रभारी ने कहा कि होमगार्ड की यह समझदारी ने बड़ा हादसा टाल दिया वरना जान का खतरा बढ़ सकता था।
ये भी देखे: मोबाइल चार्जर के तार में उतरा करंट, उन्नाव में एक महिला की मौत