चंडीगढ़, 03 नवंबर 2025: राजस्थान के जयपुर में एक बेकाबू डंपर ने हाईवे पर 17 गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस दिल दहला देने वाली घटना में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। वही 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे हरमाड़ा इलाके में रोड नंबर 14 पर हुआ है। जयपुर कलेक्टर ने बताया कि हरमाड़ा थाना क्षेत्र में यह हादसा तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी से हुआ।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, डंपर ने छोटी-मोटी गाड़ियों से लेकर अन्य वाहनों को बुरी तरह कुचल दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस घटना को ‘अत्यंत दुखद और हृदयविदारक’ करार देते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि घायलों को हर संभव इलाज उपलब्ध कराया जाए और मृतकों के परिवारों को तुरंत सहायता दी जाए। एक्स पर पोस्ट करते हुए सीएम ने लिखा, “जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।”
ये भी देखे: जयपुर हाईवे पर ट्रेलर से टकरा बिस्किट लदा ट्रक आग का गोला बना, चालक जिंदा जला