Japan Open: जापान ओपन 2025 में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों का निराशाजनक प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा। पुरुष एकल में विश्व रैंकिंग में 18वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य सेन और पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की जोड़ी दूसरे दौर में हारकर BWF सुपर 750 टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
Japan Open: लक्ष्य सेन पुरुष सिंगल्स में बाहर
लक्ष्य सेन को पुरुष एकल में जापान के कोडाई नाराओका के खिलाफ 19-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला करीब एक घंटे तक चला। 23 वर्षीय लक्ष्य ने पहले दौर में चीन के वांग झेंग जिंग को 21-11, 21-18 से हराकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन वह अपनी लय को बरकरार नहीं रख सके।
सात्विक-चिराग की जोड़ी भी हुई बाहर
वहीं, पुरुष युगल में सात्विक-चिराग की जोड़ी को चीन की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी लियांग वेई केंग और वांग चांग ने 44 मिनट के मुकाबले में 22-24, 14-21 से हरा दिया। इस हार के साथ पेरिस ओलंपिक रजत पदक विजेता चीनी जोड़ी ने भारतीय जोड़ी के खिलाफ हेड-टू-हेड रिकॉर्ड को 7-2 कर लिया।
सात्विक-चिराग ने पहले गेम में धीमी शुरुआत के बाद लय पकड़ी और 18-14 की बढ़त बना ली, लेकिन वे इस लय को कायम नहीं रख सके। चीनी जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी आक्रमण और रक्षा दोनों में कमजोर रही, जिसके चलते उन्हें लगातार चौथी बार वेई केंग और वांग चांग के खिलाफ हार झेलनी पड़ी
ये भी देखे: Paris Diamond League: नीरज चोपड़ा ने जीता खिताब, जूलियन वेबर से पिछले हार का लिया बदला