दीनानगर, 25 अगस्त 2025: पंजाब के दीनानगर क्षेत्र में भारी बारिश के बीच धुस्सी बांध टूटने की दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। गांव काहना के पास स्थित इस बांध में अचानक करीब 15 फुट चौड़ी दरार आ गई, जिससे तेजी से पानी आसपास के निचले इलाकों में घुसने लगा। इससे कई खेत और घर पानी में डूब गए, जिसके चलते ग्रामीणों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।
दरार पड़ते ही प्रभावित गांवों में अफरा-तफरी मच गई। लोग घर-बार छोड़कर सुरक्षित जगहों की तलाश में भागे, जबकि पानी का स्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बांध की स्थिति लंबे समय से जर्जर थी, लेकिन मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
प्रशासन ने तुरंत संकट प्रबंधन मोड में आते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। लाउडस्पीकरों के जरिए प्रभावित गांवों में घोषणाएं कराई जा रही हैं, जिसमें लोगों से ऊंचे और सुरक्षित इलाकों में जाने की अपील की गई है। एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं, जो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई हैं। फिलहाल प्रशासन ने हालात पर कड़ी नजर रखी हुई है, ताकि और बड़े नुकसान को रोका जा सके।
ये भी देखे: पंजाब में बाढ़ का प्रकोप जारी, सरकार ने हेल्पलाइन जारी की, मंत्रियों को सौंपे जिम्मे