गैस टैंकर हादसे में मरने वालों की संख्या बढक़र हुई 14
एक अन्य हादसे में भी परिवार के चार लोगों की हुई मौत
नई दिल्ली, 21 दिसंबर : गत दिवस जयपुर में गैंस टैंकर के अन्य वाहनों से टकराने के कारण बहुत बड़ा और भयानक हादसा घटित हो गया था, जिसमें कई दर्जनों लोग जहां जख्मी हो गए थे, वहीं इस हादसे में कल तक 8 लोगों की मौत भी हो गई थी लेकिन इस हादसे मेंअन्य गंभीर घायल हुए लोगों में से कुछ और की आज मौत हो गई, जिस कारण यह संख्या बढक़र 14 के करीब हो गई है। इस हादसे में घायल हुए 30 से ज्यादा लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। चिकित्सा विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि हादसे में घायल हुए दो और लोगों की मौत हो गई तथा इसी के साथ मृतकों की संख्या बढक़र 14 हो गई। भांकरोटा इलाके में जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर शुक्रवार तडक़े एक ट्रक ने एलपीजी टैंकर को टक्कर मार दी थी, जिससे लगी आग ने 35 से अधिक वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया था। इस भीषण दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 35 अन्य लोग घायल हुए थे। राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने शुक्रवार को कहा था कि घायलों में से करीब आधे लोगों की हालत बहुत गंभीर है। हादसे में झुलसे ज्यादातर लोग यहां सवाई मान सिंह अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका वहां उपचार चल रहा है।
बिल्डिंग में आग लगने से कई चार लोगों की जान
वहीं मध्य प्रदेश के देवास से एक दुखद घटना सामने आई है। देवास के नयापुरा इलाके में एक बिल्डिंग में अचानक आग लग गई, जिससे 2 बच्चों समेत 4 लोगों की जान चली गई। यह हादसा इतना दर्दनाक था कि बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर मौजूद एक परिवार के सभी सदस्य आग में झुलसकर मारे गए। आग लगने की खबर से पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया। यह हादसा शुक्रवार की रात का है, जब देवास के नयापुरा इलाके में स्थित एक बिल्डिंग में आग लग गई। इस बिल्डिंग के नीचे एक डेयरी चल रही थी, जबकि दूसरी मंजिल पर एक शादीशुदा दंपत्ति और उनके दो बच्चे रहते थे। मृतकों में दंपत्ति दिनेश, गायत्री और उनके दो बच्चे इशिका और चिराग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दिनेश पेशे से एक कारपेंटर था और उसने अपनी डेयरी को मकान के नीचे वाले हिस्से में खोला था। शुक्रवार की रात अचानक से डेयरी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैल गई कि कुछ ही देर में पूरी बिल्डिंग जलने लगी। दूसरी मंजिल पर मौजूद परिवार के पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा और वे आग में फंसे रह गए, जिस कारण उन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है।