रिटायर्ड इंजीनियर से साइबर ठगी, क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर 9.63 लाख रुपये की चपत

by Manu
ठगी

नोएडा, 29 अगस्त 2025: गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में साइबर अपराधियों ने एक सरकारी संस्थान के सेवानिवृत्त अभियंता जगतपाल से क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा देकर 9.63 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

साइबर अपराध थाने के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, जगतपाल ने बताया कि वह अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड का उपयोग करते हैं। 8 जुलाई 2025 को उन्होंने इंस्टाग्राम पर क्रेडिट कार्ड अपडेट से संबंधित एक विज्ञापन देखा, जिसमें एक लिंक दिया गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उनसे कुछ जानकारी मांगी गई, जिसे उन्होंने दे दिया। इसके बाद लिंक बंद हो गया। अगले दिन एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का लिंक भेजा।

जगतपाल ने ठग के कहने पर फॉर्म भरा, लेकिन ठग ने तकनीकी दिक्कत का बहाना बनाकर कई बार फॉर्म भरवाया। इस दौरान ठग ने उनके खाते से 9.63 लाख रुपये निकाल लिए। जगतपाल को बाद में पता चला कि उनके खाते से सारा पैसा गायब हो चुका है।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D (कंप्यूटर संसाधन का उपयोग कर ठगी) के तहत मामला दर्ज किया है।

ये भी देखे: रोहतक में क्रेडिट कार्ड की KYC के नाम पर ठगी, उड़ाये इतने लाख रुपये!

You may also like