जापान एयरलाइंस पर हुआ साइबर अटैक, उड़ानों में हुई देरी

उड़ानों के लिए टिकट बिक्री भी रोकी, जांच शुरू

by TheUnmuteHindi
जापान एयरलाइंस पर हुआ साइबर अटैक, उड़ानों में हुई देरी

जापान एयरलाइंस पर हुआ साइबर अटैक, उड़ानों में हुई देरी
उड़ानों के लिए टिकट बिक्री भी रोकी, जांच शुरू
नई दिल्ली, 26 दिसंबर : साईबर अटैक की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। बता दें कि हाल ही में अमेरिकी एयरलाइंस ने क्रिसमस की पूर्व संध्या पर तकनीकी गड़बड़ी का सामना किया था, जिसके कारण सभी उड़ानें एक घंटे के लिए रद्द कर दी गईं। आज जापान एयरलाइंस ने भी एक साइबर अटैक का शिकार होने की पुष्टि की, जिसके चलते कुछ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हुई। कंपनी ने बताया कि यह हमला सुबह 7:24 बजे (स्थानीय समयानुसार) शुरू हुआ, जिसने उसके आंतरिक और बाहरी सिस्टम को प्रभावित किया। इस हमले के कारण अस्थायी रूप से उस राउटर को बंद करना पड़ा, जिससे सिस्टम में गड़बड़ी हो रही थी। इसके साथ ही, गुरुवार को प्रस्थान करने वाली उड़ानों के लिए टिकट बिक्री को भी रोकना पड़ा। हालांकि, कंपनी ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं और यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है।

एयरलाइंस जैसे बड़े संस्थानों को अपने साइबर सुरक्षा तंत्र मजबूत करने की जरूरत
इस घटना ने साइबर सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि एयरलाइंस जैसे बड़े संस्थानों को अपने साइबर सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने की जरूरत है। वहीं एयरलाइंस ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और अपनी यात्रा के लिए अपडेटेड जानकारी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर से लेने का अनुरोध किया है। वहीं, जापान की दूसरी प्रमुख एयरलाइन होल्डिंग्स ने कहा कि उसके सिस्टम पर किसी प्रकार के साइबर अटैक के कोई संकेत नहीं मिले हैं। इस गड़बड़ी ने हजारों यात्रियों की यात्रा में बाधा उत्पन्न की। जापान एयरलाइंस ने साइबर अटैक की जांच शुरू कर दी है।

You may also like