सांगली, 12 जून 2025: मेघालय के राजा रघुवंशी हत्याकांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक और दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। सांगली के कुपवाड़ तहसील में 27 वर्षीय राधिका बालकृष्ण इंगले ने अपने 53 वर्षीय पति अनिल तानाजी लोखंडे की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। यह वारदात शादी के महज 15 दिन बाद, 10 जून 2025 की देर रात हुई, जब अनिल सो रहे थे।
शारीरिक संबंध बनाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, राधिका और अनिल की शादी 23 मई 2025 को हुई थी। यह अनिल की दूसरी शादी थी, क्योंकि उनकी पहली पत्नी की कैंसर से मृत्यु हो चुकी थी। 10 जून की रात करीब 11:30 बजे से 12:30 बजे के बीच दोनों के बीच शारीरिक संबंध बनाने को लेकर तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर राधिका ने सोते हुए अनिल के सिर और हाथों पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद राधिका ने अपने चचेरे भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली, और कुपवाड़ एमआईडीसी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राधिका को गिरफ्तार कर लिया। 11 जून को उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है और जांच जारी है।
कुपवाड़ एमआईडीसी थाने के इंस्पेक्टर दीपक बांदलकर ने बताया कि शुरुआती जांच में वैवाहिक विवाद और संभवतः जबरदस्ती को हत्या का कारण माना जा रहा है, लेकिन पूर्ण मकसद का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा। इस घटना ने राजा रघुवंशी मामले की तरह ही वैवाहिक हिंसा और रिश्तों में तनाव को लेकर देशभर में चर्चा छेड़ दी है।
ये भी देखे: Indore Case: गाजीपुर में इतनी दिन कहा रुकी सोनम, जाने किसने की मदद