फिर सताने लगा कोरोना का डर, महाराष्ट्र में 66 नए मामले, कोविड से अब तक 11 लोगों की मौत

by Manu
दिल्ली कोरोना

मुंबई, 28 मई 2025: भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामले बढ़ने लगे हैं। कोरोना ने स्वास्थ्य अधिकारियों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार सुबह तक देश में कोविड-19 के 1,047 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र में 66 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 31 सिर्फ मुंबई के हैं, और राज्य में कुल सक्रिय मामले अब 325 हो गए हैं। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में 10 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे वहां सक्रिय मामलों की संख्या 25 हो गई है। कोविड से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी 11 तक पहुंच गया है, जिसमें महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 5 मौतें हुई हैं।

महाराष्ट्र में बढ़ते मामलों को देखते हुए मुंबई के जे.जे. अस्पताल में 15 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। उधर, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में भी मामले बढ़ रहे हैं, जहां कुल 14 मरीज हैं। इनमें से 13 मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि एक अस्पताल में भर्ती है। हैरानी की बात यह है कि गाजियाबाद में एक 4 महीने का बच्चा भी कोविड पॉजिटिव पाया गया है।

कोविड पर स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 26 मई तक देश में 1,010 सक्रिय मामले थे, जो अब बढ़कर 1,047 हो गए हैं। कई राज्यों ने अस्पतालों को सतर्क रहने और जरूरी तैयारियां करने के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा मामले ज्यादातर हल्के हैं और ज्यादातर मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ रही है। फिर भी, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

ये भी देखे: भारत में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 1000 पार, 7 लोगों की मौत

You may also like