चंडीगढ़, 05 दिसंबर 2025: पंजाब में 14 दिसंबर को होने वाले पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल चरम पर पहुंच गई है। नामांकन प्रक्रिया में आई बाधाओं के चलते कांग्रेस ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर दी है। यह याचिका नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रताप सिंह बाजवा की ओर से दाखिल की गई। पार्टी ने चुनाव आयोग से नामांकन भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। मामले की सुनवाई 8 दिसंबर को तय हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर थी। लेकिन कई उम्मीदवारों को नामांकन फॉर्म, आरक्षण सूची और अन्य दस्तावेजों में खामियां मिलीं। कांग्रेस का कहना है कि बिना तैयारी के उम्मीदवारों को नामांकन भरने का मौका नहीं मिला। बाजवा ने कहा कि यह लोकतंत्र पर हमला है। अगर तिथि नहीं बढ़ी तो ग्रामीण इलाकों में कांग्रेस की आवाज दब जाएगी।
इससे पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल भी इसी मुद्दे पर कोर्ट पहुंच चुके हैं। भाजपा ने आरक्षण सूची में गड़बड़ी का हवाला देकर तिथि बढ़ाने की मांग की थी। अकाली दल ने भी चुनाव आयोग की लापरवाही पर सवाल उठाए। हाईकोर्ट पहले ही इन चुनावों की निगरानी कर रहा है। कोर्ट ने राज्य सरकार को 5 दिसंबर तक चुनाव कराने का आदेश दिया था लेकिन बाढ़ और बाइपोल के बहाने इसे टाल दिया गया।
ये भी देखे: पंजाब के मलौद में AAP पार्षद रछपाल सिंह पाला पर हमला, विधायक ग्यासपुरा ने कांग्रेस पर लगाया आरोप