कंप्यूटर शिक्षकों ने कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत को याद दिलाया उनका वादा
जॉनी सिंगला का मरण व्रत 7वें दिन भी जारी, पंजाब में जन आंदोलन छेड़ने की चेतावनी
चंडीगढ़ : आज कंप्यूटर अध्यापक भूख हड़ताल संघर्ष कमेटी, पंजाब के नेताओं ने कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत के साथ मुलाकात करते हुए उन्हें पिछली बैठक के दौरान कंप्यूटर शिक्षकों की मांगों को लेकर किए गए वादे की याद दिलाई। इस बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए राज्य कमेटी के सदस्य उधम सिंह डोगरा, विशाल बिन्नी, रणजीत सिंह, पलविंदर सिंह, नरेंद्र शर्मा, कमल माही, नरेंद्र सिंह, मनजीत कुमार, राजीव कुमार, राजेश ठाकुर, हरदीप सिंह, राजविंदर कौर, सुधर्शन, संदीप कौर, रिंकल, संदीप कौर अत्तोवाल, हरप्रीत कौर और अन्य नेताओं ने बताया कि आज उन्होंने पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत से मुलाकात कर उन्हें कंप्यूटर शिक्षकों द्वारा किए जा रहे संघर्ष और उनके साथ हो रहे भेदभाव से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक के दौरान कंप्यूटर शिक्षकों ने अपनी मांगों के संबंध में पंजाब के मुख्यमंत्री को खून से लिखा एक मांग पत्र भी डॉ. रवजोत को सौंपा था।
कंप्यूटर शिक्षकों ने डॉ. रवजोत को बताया कि राज्यभर के कंप्यूटर अध्यापक संगरूर में कंप्यूटर अध्यापक संघर्ष कमेटी के बैनर तले, पिछले 120 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं, पिछले सात दिनों से अध्यापक जॉनी सिंगला अपनी मांगों को लेकर मरण व्रत पर हैं और आज तक सरकार के किसी प्रतिनिधि ने उनकी सुध नहीं ली, जो कि निंदनीय है।इस बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पहले पार्टी अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और उसके बाद वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ फोन पर बातचीत कर कंप्यूटर शिक्षकों की मांगों के संबंध में तुरंत कार्रवाई करने की अपील की। दोनों मंत्रियों ने शिक्षकों की मांगों को जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया। वहीं, कंप्यूटर शिक्षकों ने अपनी मांगों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उनकी कोई नई मांग नहीं है। उनकी मांग है कि उनके रेगुलर ऑर्डर्स में दर्ज सभी लाभों सहित उन्हें 6वें वेतन आयोग का लाभ दिया जाए, शिक्षा विभाग में मर्ज किया जाए और जिन शिक्षकों की पिछले समय के दौरान मृत्यु हो चुकी है, उनके परिवारों को वित्तीय सहायता के साथ सरकारी नौकरी दी जाए।
कंप्यूटर शिक्षकों ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पंजाब सरकार ने समय रहते उनकी सभी मांगों को पूरा नहीं किया तो वे अन्य संगठनों के साथ मिलकर पूरे पंजाब में एक बड़ा जन आंदोलन छेड़ देंगे, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। कंप्यूटर शिक्षकों ने यह भी कहा कि मरण व्रत पर बैठे साथी जॉनी सिंगला की सेहत दिन-ब-दिन बिगड़ रही है और यदि उनका कोई भी नुकसान होता है, तो इसके गंभीर परिणाम सरकार को भुगतने होंगे।