कोच गौतम गंभीर ने ड्रेसिंग रूम की बातें बाहर आने पर जताई नाराजगी
कहा, बातें लीक हो रही हैं, अच्छी बात नहीं
नई दिल्ली, 2 जनवरी : भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर ने पिछले कई दिनों से फैल रही अफवाहों तथा बातों को लेकर अपना पक्ष रखा है। बता दें कि मेलबर्न में मिली करारी हार के बाद ऐसी खबरें आई थी कि गंभीर ड्रेसिंग रूम में खिलाडिय़ों के प्रदर्शन से काफी नाराज हुए थे और उन्होंने कहा था कि बस अब बहुत हुआ। गंभीर ने साथ ही रणनीति के तहत नहीं खेलने पर भी खिलाडिय़ों पर नाराजगी व्यक्त की थी। उल्लेखनीय है कि भारत पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में फिलहाल 1-2 से पिछड़ रहा है। अब भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सिडनी टेस्ट से पहले ड्रेसिंग रूम की बातें बाहर आने पर नाराजगी व्यक्त की है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुक्रवार से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें और अंतिम टेस्ट से पहले गंभीर इस बात से खफा हुए कि खिलाडिय़ों और कोच के बीच चर्चा मीडिया में लीक हो रही है जो अच्छी बात नहीं है। गंभीर ने पांचवें टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, कोच और खिलाडिय़ों के बीच ड्रेसिंग रूम की बातें वहीं तक सीमित रहनी चाहिए। भारतीय क्रिकेट तब तक सुरक्षित हाथों में है, जब तक ड्रेसिंग रूम में ईमानदार लोग मौजूद हैं। सिर्फ एक चीज आपको टीम में रख सकती है और वो है प्रदर्शन। टीम पहले की भावना सबसे ज्यादा मायने रखती है। खिलाड़ी अपना पारंपरिक गेम खेल सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए तथा किसी अंदर की बात को बाहर नहीं करना चाहिए।
खिलाडिय़ो पर काफी नाराज हुए थे गंभीर
बता दें कि कोच गौतम गंभीर अपने खिलाडिय़ों पर प्रदर्शन अच्छा ना होने के कारण काफी नाराज हुए थे।मेलबर्न में चौथे टेस्ट में हार के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम में तनावपूर्ण माहौल हो गया था और गंभीर टीम के खिलाडिय़ों के प्रदर्शन से काफी नाराज हुए थे। गंभीर ने इरादे और टीम हित के बीच टकराव के बारे में भी बात की थी। उन्होंने खिलाडिय़ों से कहा कि वे चर्चा की गई योजनाओं को क्रियान्वित करने के बजाय अपने हिसाब से काम कर रहे हैं। उन्होंने चर्चा की थी कि सितंबर में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद से बल्लेबाज पिछले कुछ समय से खराब प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी इस बात को बाहर उछाला गया है, जिससे अब उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की है।
कोच गौतम गंभीर ने ड्रेसिंग रूम की बातें बाहर आने पर जताई नाराजगी
कहा, बातें लीक हो रही हैं, अच्छी बात नहीं
83
previous post