भागलपुर, 15 जुलाई 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के गोराडीह में नवस्थापित डिग्री कॉलेज, कासिल परिसर से राज्यभर के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन बिहार के लिए गौरव का दिन है। राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है, जिससे प्रत्येक प्रखंड के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय को आधुनिक स्वरूप में पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा लगभग 220 एकड़ भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है तथा अगले एक वर्ष के भीतर विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुज़फ्फरपुर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय तथा भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए०आई०) एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही बिहार में चार नए निजी विश्वविद्यालयों को भी मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बिहार की समृद्धि का सबसे बड़ा आधार बनेगी और राज्य को ज्ञान एवं नवाचार का केंद्र बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु को 30 नवंबर तक हर हाल में पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा, जिससे लाखों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भागलपुर में लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। यहां उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और उन्हें रोजगार के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उन्होंने बिहार से बाहर रह रहे लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने राज्य लौटें और बिहार की समृद्धि एवं विकास में सहभागी बनें। राज्य सरकार उन्हें उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक भूमि, बिजली और पानी जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि हमलोग प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में राशि भेजी जा चुकी है तथा शेष पात्र महिलाओं के खातों में 25 जुलाई को राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधारभूत संरचना और पर्यटन के क्षेत्र में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर लंबी गंगा मरीन ड्राइव का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जो पूरा होने के बाद बिहार का प्रमुख आकर्षण बनेगा। सबौर से राजमहल बॉर्डर तक इसका विस्तार किया जायेगा।
बाहर से भी लोग इसे देखने आयेंगे। कहलगांव के समीप गंगा नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बटेश्वर धाम मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोप-वे का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भागलपुर क्षेत्र में दो एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे, जिनमें सुल्तानगंज में प्रस्तावित एयरपोर्ट भी शामिल है। इससे क्षेत्र में उद्योग, पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलेगी। पीरपैंती में 2400 मेगावाट का पॉवर प्लांट लगने जा रहा है। इसकी क्षमता को 1600 मेगावाट और बढ़ाया जायेगा। इस परियोजना में 70 हजार करोड़ रूपये का इन्वेस्टमेंट होगा।
ये भी देखे: बिहार के सीएम सम्राट चौधरी का आज दिल्ली दौरा, नितिन गडकरी से करेंगे मुलाकात