हरियाणा, 6 जून 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पलवल पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद पलवल में यह उनकी पहली रैली है। रैली का आयोजन पलवल की अनाज मंडी में किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, मंत्री विपुल, मंत्री राजेश नागर, मंत्री गौरव गौतम, होडल विधायक हरिंदर सिंह भी मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 40 करोड़ 39 लाख रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। सीएम सैनी ने कहा कि आज 15 करोड़ 68 लाख रुपये की 3 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है। 24 करोड़ 71 लाख रुपये की चार परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए सभी को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद हमारी सरकार ने पलवल विधानसभा में पिछले 11 वर्षों में 1 हजार 270 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को तेज गति से करवाया है। इसके साथ ही पलवल विधानसभा क्षेत्र में कुल 138 घोषणाएं की गई थीं और इनमें से 109 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं।
इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी द्वारा ऑपरेशन सिंदूर पर दिए गए बयान को लेकर कहा कि राहुल गांधी ने सेना और देश का अपमान किया है, उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत हुआ है। ऑपरेशन सिंदूर जैसे फैसलों ने आतंकवाद की जड़ें हिला दी हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा पुलिस की सख्ती: बंदूक संस्कृति और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों पर रोक