सीएम नायब सैनी ने त्योहारों से पहले विशेष सफाई अभियान और वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्रों की घोषणा की

by Manu
नियुक्तियाँ

चंडीगढ़, 12 सितंबर 2025: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने राज्य के शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई है। गुरुग्राम में डेरा सच्चा सौदा सिरसा के साथ स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेने के बाद चंडीगढ़ पहुंचते ही उन्होंने शुक्रवार को शहरी निकाय विभाग के अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इस दौरान उन्होंने नवरात्रि, दशहरा और दीवाली जैसे आगामी त्योहारों को देखते हुए जनभागीदारी के साथ विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद, मानेसर और गुरुग्राम में वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्र स्थापित करने की महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की। इन संयंत्रों के जरिए रोजाना उत्पन्न होने वाले ठोस कचरे को बिजली में बदलकर उसका निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले कुछ महीनों में इन संयंत्रों की स्थापना का काम शुरू हो जाएगा और 24 महीनों के भीतर ये पूरी तरह कार्यशील हो जाएंगे।

सीएम सैनी ने विशेष रूप से गुरुग्राम और फरीदाबाद में ठोस कचरे के निपटान के लिए एक विस्तृत और समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि इन शहरों में कचरे की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

ये भी देखे: Panchkula News: थापली में सीएम नायब सैनी ने नेचर कैंप का किया उद्घाटन

You may also like