Chandigarh News: चंडीगढ़ में 20 इमिग्रेशन कंपनियों के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई

by Manu
चंडीगढ़ इमिग्रेशन

चंडीगढ़, 12 जून 2025: चंडीगढ़ में विदेश भेजने और वर्क वीजा के नाम पर ठगी करने वाली 20 इमिग्रेशन कंपनियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। युवाओं से लाखों रुपये ऐंठने के आरोप में इन कंपनियों पर शिकंजा कसा गया है।

पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सेक्टर 3, 17, 34, 36, 26 और 39 में संचालित इन कंपनियों के खिलाफ 20 FIR दर्ज की हैं। इस कार्रवाई में 25 मालिकों और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, पासपोर्ट, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

जांच में सामने आया कि ये कंपनियां सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापनों के जरिए लोगों को फंसाती थीं और विदेश में नौकरी या पढ़ाई का झांसा देकर भारी रकम वसूलती थीं। कई मामलों में फर्जी वीजा और टिकट दिए गए, जिसका खुलासा पीड़ितों के हवाई अड्डे पहुंचने पर हुआ। चंडीगढ़ पुलिस ने इस साल अब तक 207 ऐसी FIR दर्ज की हैं, जो पिछले साल के 60 मामलों से काफी ज्यादा हैं। इन धोखाधड़ी में 38.2 करोड़ रुपये से अधिक की राशि शामिल है।

चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर ने कहा कि पुलिस ने इमिग्रेशन धोखाधड़ी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी एजेंसी से वीजा लेने से पहले उसकी सत्यता जांच लें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सभी मामलों की गहन जांच जारी है।

ये भी देखे: Chandigarh to Hisar Flight: चंडीगढ़ से हिसार के लिए शुरू हुई डायरेक्ट फ्लाइट

You may also like