इंडिगो संकट पर केंद्र सख्त, लोकसभा में बोले राम मोहन नायडू – यात्रियों को परेशान करने की इजाजत नहीं दी जाएगी

by Manu
राम मोहन नायडू

नई दिल्ली, 09 दिसंबर 2025: इंडिगो की उड़ानों में लगातार रुकावटों के बीच केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू किंजरापु ने मंगलवार को लोकसभा में स्पष्ट किया कि कोई भी एयरलाइन चाहे कितनी बड़ी हो यात्रियों को परेशान करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि डीजीसीए ने इंडिगो के सीनियर अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। विस्तृत जांच चल रही है और रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई होगी।

हालात अब सामान्य हो रहे हैंः मंत्री राम मोहन नायडू

मंत्री ने सदन को बताया कि इंडिगो की दिक्कतें तेजी से ठीक हो रही हैं। बाकी सभी एयरलाइंस पूरे देश में बिना किसी रुकावट के उड़ानें चला रही हैं। एयरपोर्ट्स पर हालात पूरी तरह सामान्य हैं। कहीं भी भीड़ या अफरा-तफरी नहीं दिख रही। रिफंड, बैगेज ट्रैकिंग और यात्रियों को सहायता देने के सभी उपाय मंत्रालय की निगरानी में हैं।

राम मोहन नायडू ने कहा कि फ्लाइट संचालन जल्द सामान्य हो जाएगा। इंडिगो को जवाबदेह बनाया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा और सम्मान सबसे ऊपर है। लंबे समय के लिए एविएशन सेक्टर को और अधिक यात्री-केंद्रित बनाने के कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि यह संकट इंडिगो के आंतरिक क्रू रोस्टरिंग और ऑपरेशनल प्लानिंग की गड़बड़ी से हुआ। नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिट (FDTL) नियमों का पालन न करने की वजह से यह स्थिति बनी।

ये भी देखे: IndiGo Crisis: इंडिगो संकट आठवें दिन भी बरकरार, मंगलवार को 230+ उड़ानें रद्द

You may also like