केंद्र ने गेहूं खरीद पर आढ़तियों का कमीशन बढ़ाया, हरियाणा में अब 50.75 रुपये प्रति क्विंटल

by Manu
Wheat Procurement

चंडीगढ़, 18 मार्च 2026: केंद्र सरकार ने गेहूं और धान की सरकारी खरीद में आढ़तियों (कमीशन एजेंटों) को मिलने वाले कमीशन में बढ़ोतरी का फैसला लिया है। 2026-27 रबी विपणन सत्र से हरियाणा में गेहूं पर आढ़त 46 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 50.75 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है।

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के आधिकारिक बयान के अनुसार यह संशोधन उप-समिति की सिफारिशों पर किया गया है। राजस्थान में गेहूं पर कमीशन 41.40 रुपये से बढ़कर 45.67 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। धान की खरीद पर आढ़त 45.88 रुपये से बढ़कर 50.61 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है। सहकारी समितियों के लिए गेहूं पर कमीशन 27 रुपये से बढ़कर 29.79 रुपये और धान पर 32 रुपये से बढ़कर 35.30 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

हरियाणा में आढ़तियों को और ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है। हरियाणा राज्य अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के राज्य संयोजक हर्ष गिरधर ने बताया कि राज्य सरकार ने पहले ही घोषणा कर दी है कि केंद्र द्वारा तय आढ़त में अतिरिक्त 9 रुपये प्रति क्विंटल जोड़कर दिए जाएंगे। पिछली बार गेहूं और धान की खरीद में भी यही फॉर्मूला लागू हुआ था।

इसका मतलब है कि हरियाणा के आढ़तियों को गेहूं पर कुल 59.75 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन मिलेगा। आढ़तियों ने लंबे समय से कमीशन बढ़ाने की मांग की थी। इस फैसले से उनकी मांग पूरी हुई है।

ये भी देखे: करनाल में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने फर्जी धान खरीद पर दी चेतावनी, कहा – कई भी बख्शा नहीं जाएगा

You may also like