Census: देश में जनगणना की तारीखों का एलान, पहाड़ी राज्यों में पहले होगी गणना

by Manu
जनगणना

नई दिल्ली, 04 जून 2025: केंद्र सरकार ने भारत में जनगणना और जातिगत जनगणना की तारीखों का ऐलान कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 से लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में जनगणना शुरू होगी, जिसमें जाति गणना भी शामिल होगी। मैदानी इलाकों में यह प्रक्रिया 1 मार्च 2027 से शुरू होगी। यह जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी।

गृह मंत्रालय ने बताया कि जनगणना-2027 की संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 को 00:00 बजे होगी, जबकि बर्फीले क्षेत्रों के लिए यह 1 अक्टूबर 2026 को 00:00 बजे होगी। इसकी अधिसूचना 16 जून 2025 को जनगणना अधिनियम 1948 के तहत आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होगी।

पहले कोविड महामारी के कारण टाला गया था जनगणना

यह जनगणना 1951 से हर 10 साल में होती थी, लेकिन 2021 में कोविड-19 महामारी के कारण इसे टाल दिया गया था। अब जनगणना का चक्र बदलकर 2027-2037 और फिर 2037-2047 होगा। जनगणना के आंकड़े सरकार के लिए नीति निर्माण, संसाधनों के समान वितरण और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) को अपडेट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भारत में हर दस साल में जनगणना होती है। पहली जनगणना 1872 में हुई थी। 1947 में आजादी मिलने के बाद पहली जनगणना 1951 में हुई थी और आखिरी जनगणना 2011 में हुई थी।

ये भी देखे: BIG NEWS: केंद्र सरकार कराएगी जातिगत जनगणना, कैबिनेट मीटिंग में फैसला

You may also like