हाथरस, 03 मार्च 2026: यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में माइलस्टोन 141 के पास डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी समेत छह लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हो गए।
मृतकों में तीन लोग आगरा के और तीन राजस्थान के धौलपुर जिले के निवासी थे। सभी होली मनाने घर जा रहे थे। ईको वैन में कुल 13 लोग सवार थे जो दिल्ली से धौलपुर की ओर जा रहे थे। बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी। ओवरटेक करने की कोशिश में टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन उछलकर 10 फीट दूर जा गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों को कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। लाशें बिखर गईं और एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत खंडौली सीएचसी पहुंचाया गया जहां से तीन गंभीर घायलों को आगरा के अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ये भी देखे: मथुरा में एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, कंटेनर ने बस से उतरे यात्रियों को रौंदा, 6 की मौत, 9 घायल