चंडीगढ़, 23 फरवरी 2026: चंडीगढ़ के सेक्टर-36 के फ्रेगरेंस गार्डन में रविवार शाम एक 23 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी उसके बॉयफ्रेंड ने ही मिलने के बहाने उसे पार्क में बुलाया और गले पर चाकू मारकर फरार हो गया।
मृतका की पहचान सुहानी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के जटवापुर गांव की रहने वाली थी लेकिन पिछले कई सालों से परिवार के साथ चंडीगढ़ के सेक्टर-35 में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवक विनय ने सुहानी को मिलने के लिए पार्क में बुलाया। दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद हुआ और विनय ने अचानक चाकू निकालकर उसके गले पर वार कर दिया। हमले के तुरंत बाद सुहानी का फोन उसकी मां के पास आया। घायल सुहानी ने फोन उठाकर कहा- “मां, विनय ने मुझे चाकू मार दिया है। 36 के पार्क में हूं। बचाओ।”
इस बीच पार्क में टहलने आए एक राहगीर ने खून से लथपथ पड़ी युवती को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सुहानी की बात सुनकर उसके परिजन भी दौड़कर पार्क पहुंच गए। उन्होंने उसे तुरंत उठाकर नजदीकी अस्पताल ले जाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी विनय की पहचान हुई। वह सेक्टर-35 में ही एक मिठाई की दुकान पर काम करता था और मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला है।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए विनय को बुडैल इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
ये भी देखे: चंडीगढ़ के टिंबर मार्केट में दिनदहाड़े फायरिंग, 35 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या