खैबर पख्तूनख्वा, 06 सितंबर 2025: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर जिले में शनिवार को एक क्रिकेट मैच के दौरान हुए बम विस्फोट ने दहशत फैला दी। यह धमाका खार तहसील के कौसर क्रिकेट मैदान में हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं, घायल हो गए।
बाजौर के जिला पुलिस अधिकारी वकास रफीक ने पुष्टि की कि विस्फोट एक तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (आईईडी) के जरिए किया गया था। उन्होंने इसे एक सुनियोजित और लक्षित हमला बताया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस का मानना है कि यह हमला हाल ही में शुरू किए गए ऑपरेशन सरबकाफ के जवाब में आतंकवादियों द्वारा किया गया हो सकता है, जिसके तहत सुरक्षा बल आतंकी गतिविधियों पर नकेल कस रहे हैं। अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
ये भी देखे: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में सेना से मुठभेड़ में 5 आतंकी ढेर, तीन अधिकारी घायल