बालीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर अज्ञात शख्स ने किया हमला

बांद्रा स्थित आवास में घुसकर किया चाकू से वार, गंभीर घायल

by TheUnmuteHindi
बालीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर अज्ञात शख्स ने किया हमला

बालीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर अज्ञात शख्स ने किया हमला
बांद्रा स्थित आवास में घुसकर किया चाकू से वार, गंभीर घायल
मुंबई, 16 जनवरी : मुंबई में बालीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर गत रात्रि किसी अज्ञात चोर द्वारा चाकू से हमला किए जाने का समाचार प्राप्त हुआ है, जिस कारण सैफ अली खान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका उपचार लीलावती अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि खान (54) को इलाज के लिए लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना उनके बांद्रा स्थित आवास पर रात करीब ढाई बजे घटी। लीलावती अस्पताल के सीओओ डॉ. नीरज उत्तमानी ने एक बयान में कहा कि खान पर उनके बांद्रा स्थित घर में एक अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला किया और उन्हें तडक़े साढ़े तीन बजे अस्पताल लाया गया। मुंबई पुलिस ने इस घटना पर कहा कि हम घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घर के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। अभी यह पता लगाना बाकी है कि हमलावर का मकसद क्या था। मुंबई पुलिस ने घर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है और संभावित संदिग्धों की तलाश जारी है। इस मामले में करीबी लोगों से भी पूछताछ हो सकती है।
घर में घुसकर किया चाकू से हमला
पुलिस के मुताबिक, बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर घर में घुसे चोरों ने चाकू से हमला कर दिया है। गत रात 2.30 बजे सैफ अली खान के घर में अनजान शख्स घुसा। इस दौरान सैफ अली खान पर चोर ने चाकू से हमला कर दिया। डीसीपी ने बताया कि इसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, यह चोटें उतनी गंभीर नहीं हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें चाकू मारा गया है या वह हाथापाई में घायल हुए हैं। पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है।

You may also like