अमृतसर, 13 जनवरी 2026: अमृतसर जिले में एक होटल के कमरे से ऑस्ट्रेलिया से भारत आई एक NRI महिला का शव मिला है। मृतका की पहचान प्रभजोत कौर निवासी गांव वड़ैच (गुरदासपुर) के रूप में हुई है। वह अपने पति मनदीप सिंह ढिल्लो के साथ ऑस्ट्रेलिया में रहती थीं और एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत आई थीं।
घटना कोर्ट रोड स्थित एक होटल की है। सूत्रों के अनुसार, पति-पत्नी दोनों होटल में ठहरे थे। मंगलवार सुबह होटल स्टाफ को कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर संदेह हुआ। जब दरवाजा खुलवाया गया तो प्रभजोत का शव कमरे के अंदर मिला। शव पर चोट के निशान थे और परिस्थितियां संदिग्ध लग रही हैं।
महिला का पति मनदीप सिंह ढिल्लो मौके से फरार पाया गया है। पुलिस को उस पर गंभीर संदेह है। परिवार का कहना है कि शादी के शुरुआती वर्षों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति के शक और आपसी मतभेदों के कारण विवाद बढ़ने लगे थे। मृतका के भाई लवप्रीत सिंह ने बताया कि दोनों विदेश में रह रहे थे और धार्मिक कार्यक्रम के लिए भारत आए थे। मृतका के पिता मक्खन सिंह ने कहा कि बेटी की शादी अच्छे परिवार में हुई थी और पहले कभी किसी बड़े विवाद की शिकायत सामने नहीं आई।
ये भी देखे: लुधियाना में शादी से पहले युवक की रहस्यमयी मौत, होटल के कमरे में गोली मारकर की आत्महत्या