BLA Killed Pak Soldiers: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में सेना के काफिले को निशाना बनाया गया। बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के मार्गट इलाके में एक सैन्य वाहन के पास हुए विस्फोट में 10 पाकिस्तानी सेना के जवान मारे गए हैं।
इस हमले में बम निरोधक दस्ते को इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से निशाना बनाया गया। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA ) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
हाल के महीनों में, विद्रोही समूह BLA ने बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना और सरकारी कर्मियों को बार-बार निशाना बनाया है। शुक्रवार के हमले के बाद भी बीएलए ने एक बयान जारी कर कहा कि उसके लड़ाकों ने यह काम किया है।
क्वेटा में विस्फोट के बाद पुलिस अधिकारियों ने शुरू में कहा था कि फ्रंटियर कांस्टेबुलरी (एफसी) के 4 जवान मारे गए हैं। शुक्रवार देर रात बीएलए प्रवक्ता जियांद बलूच ने कहा, ‘हमले में 10 सैन्यकर्मी मारे गए हैं।’ क्वेटा के मार्गट में एक पाकिस्तानी सेना के काफिले को रिमोट-नियंत्रित आईईडी हमले का निशाना बनाया गया। इस कार्रवाई में सैन्य वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया तथा उसमें सवार सभी 10 सैनिक मारे गए।
बलूच लिबरेशन आर्मी ने क्वेटा में हुए हमले की जिम्मेदारी ली है और कहा है, ‘हम भविष्य में भी ऐसे हमले करते रहेंगे।’ दुश्मन ताकतों (पाकिस्तानी सेना) के खिलाफ हमारा अभियान जारी रहेगा। पाकिस्तानी सरकार और सेना बलूचिस्तान के लोगों पर अत्याचार करती है। ऐसे में हम अपने लोगों की आजादी के लिए लड़ रहे हैं।’