चंडीगढ़, 01 सितंबर 2025: पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश ने नूरपुर बेदी ब्लॉक के कई गांवों में हालात को चिंताजनक बना दिया है। इस आपदा के बीच रूपनगर जिला भाजपा अध्यक्ष अजयवीर सिंह लालपुरा ने सोमवार (1 सितंबर 2025) को खड्ड बठलौर गांव का दौरा किया और बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।
अजयवीर सिंह लालपुरा ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने बताया कि गांव के कई घरों में पानी घुस गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करने की अपील की।
इस दौरान लालपुरा ने कहा, “यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का है। ‘ह्यूमैनिटी फर्स्ट’ के सिद्धांत के साथ भाजपा की टीमें हरसंभव प्रयास करेंगी ताकि कोई भी प्रभावित परिवार खुद को अकेला महसूस न करे। मैं स्वयं सभी प्रभावित इलाकों का दौरा करूंगा और लोगों की हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध हूं।”
ये भी देखे: जालंधर में बारिश से जलभराव और टूटी सड़कों ने बढ़ाई मुश्किलें, नगर निगम की लापरवाही पर सवाल