बिहार: गया में होगा देशभर के जुड़वों समागम, होने जा रहा अनोखा आयोजन

by Manu
गया जुड़वां समारोह

Twins Meet in Gaya: बिहार के गया में 10 मई 2025 को एक अनोखा आयोजन होने जा रहा है, जहां देशभर के जुड़वां भाई-बहन एक मंच पर जुटेंगे। यह समागम अपने आप में पहला और ऐतिहासिक है, जिसमें 1,000 से अधिक जुड़वां जोड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है।आयोजकों का लक्ष्य न केवल जुड़वां लोगों को एक साझा मंच देना है, बल्कि इस आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराकर इतिहास रचना भी है।

गया के पंजाबी कॉलोनी, नई गोदाम इलाके के रहने वाले जुड़वां भाई संतोष कुमार (छोटे) और आशुतोष कुमार (बड़े) इस पहल के पीछे हैं। दोनों भाई दिखने में एक जैसे हैं और उनके बीच गहरा जुड़ाव है। उन्होंने इस समागम का विचार इसलिए शुरू किया, क्योंकि उनका मानना है कि जुड़वां लोगों की अपनी विशेष कहानियां और अनोखा रिश्ता होता है, जो समाज में प्रेरणा का काम कर सकता है।

गया जुड़वां समारोह: क्या है आयोजन का उदेश्य

संतोष और आशुतोष का कहना है कि इस आयोजन से जुड़वां लोगों का एक समुदाय बनेगा, जहां वे एक-दूसरे से जुड़ सकेंगे और अपनी विशिष्टता को साझा कर सकेंगे।
तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। अब तक मुंबई, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से करीब 100 जुड़वां जोड़ियां आयोजकों से संपर्क कर चुकी हैं, और यह संख्या तेजी से बढ़ रही है। लोग व्हाट्सएप के जरिए अपनी तस्वीरें और वीडियो भेज रहे हैं, जिससे उत्साह और भी बढ़ गया है। आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर उम्र के जुड़वां हिस्सा लेंगे।

संतोष ने बताया कि यह समागम न सिर्फ एक उत्सव होगा, बल्कि जुड़वां लोगों के लिए एक ऐसा मंच भी बनेगा, जहां वे अपनी कहानियां, अनुभव और चुनौतियां साझा कर सकेंगे।

ये भी देखे: Bihar News: पंजाब के छात्र ने किशनगंज MGM मेडिकल कॉलेज में की खुदकुशी

You may also like