Bihar News: पटना के मौर्यालोक और बाजार समिति का होगा आधुनिक पुनर्विकास

by Manu
मौर्यालोक कॉम्प्लेक्स

पटना, 31 अगस्त 2026: पटना के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र मौर्यालोक कॉम्प्लेक्स और बाजार समिति की तस्वीर आने वाले सालों में पूरी तरह बदल जाएगी। पटना नगर निगम ने दोनों परिसरों के पुनर्विकास की योजना तैयार की है।

मौर्यालोक की पुरानी और जर्जर हो चुकी संरचनाओं को हटाकर आधुनिक बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। वहीं बाजार समिति में आधुनिक वेयर हाउस, कोल्ड स्टोरेज, दुकान और ऑफिस जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

दोनों परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए एजेंसी का चयन नगर निगम कर चुका है। अक्टूबर तक डीपीआर तैयार होने की उम्मीद है।

इसके बाद परियोजनाओं की वास्तविक लागत, निर्माण का स्वरूप और प्रस्तावित सुविधाओं की डिटेल जानकारी सामने आएगी।

करीब चार दशक पुराने मौर्यालोक कॉम्प्लेक्स के पुनर्विकास पर लगभग 1209.37 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। समय के साथ परिसर की कई इमारतें और टावर पुराने हो चुके हैं। ऐसे में नगर निगम ने पूरे कॉम्प्लेक्स को नए सिरे से विकसित करने की योजना बनाई है। प्रस्ताव के तहत पुरानी संरचनाओं को हटाकर आधुनिक बहुमंजिला भवन तैयार किए जाएंगे। इसमें व्यावसायिक गतिविधियों के साथ नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।

ये भी देखे: पटना में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी का राजभवन मार्च, पुलिस ने रोका

You may also like