लुधियाना, 20 मार्च 2026: पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) और गुरु अंगद देव वैटर्नरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी में किसान मेलों का शुभारंभ हो गया है। इन मेलों का उद्घाटन मुख्यमंत्री भगवंत मान और खेतीबाड़ी मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंच से बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य बनेगा जो खेती को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ेगा। उन्होंने बताया कि आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए टेक्नोलॉजी का भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार खेती और किसानों के मुद्दों पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है।
भगवंत मान ने कहा कि किसान को लैबोरेटरी न बनाएं। वैज्ञानिकों का काम किसानों को सुझाव देना और नई तकनीक बताना है। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि पिछले महीने नरमे में कीड़ा लगा तो किसान यूनिवर्सिटी आए लेकिन वैज्ञानिकों ने जवाब दिया कि हमारे नरमे में भी कीड़ा लग गया है।
सीएम ने साफ कहा कि ऐसा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वैज्ञानिक अपनी जिम्मेदारी निभाएं। किसानों की समस्याओं का हल निकालें। सरकार आपको पर्याप्त फंड दे रही है। अगर आपकी तरफ से कमी हुई तो इसकी जिम्मेदारी आपकी होगी।