नई दिल्ली, 02 मई 2025: पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच काफी तनाव बढ़ गया है। पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। भारतीय एयरलाइन्स कम्पनियां जो ज्यादातर यूरोप के लिए उड़ान भरती हैं को काफी घाटा हो रहा है। एयर इंडिया ने सरकार को इसके बारे में बताया है और अपील भी की है।
एयर इंडिया ने सरकार को पत्र लिखकर भारत सरकार से पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र बंद होने के प्रभाव का मुकाबला करने के लिए सब्सिडी मॉडल लागू करने का अनुरोध किया। पत्र में अनुमान लगाया है कि पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र को बंद करने से उसे प्रति वर्ष लगभग 591 मिलियन डॉलर का नुकसान होगा। इसे कम करने तथा यह सुनिश्चित करने के लिए कि उड़ानें प्रभावित न हों, सब्सिडी एक उपयुक्त विकल्प है। स्थिति सुधरने पर सब्सिडी बंद कर दी जानी चाहिए।
एयर इंडिया ने कहा कि पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र के बंद होने का सबसे अधिक प्रभाव हमारी एयरलाइन पर पड़ा है। क्योंकि हमारे पास सबसे अधिक उड़ानें और चालक दल हैं।
उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया ने इस पत्र पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है, न ही नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से कोई प्रतिक्रिया आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सरकार ने एयरलाइन कंपनियों से पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र बंद होने के प्रभाव का आकलन करने को कहा था, जिसके जवाब में एयर इंडिया ने सरकार को पत्र के रूप में अपने विचार भेजे हैं।
ये भी देखे: BIG NEWS: भारत ने भी पाकिस्तान के लिए अपना एयरस्पेस बंद किया