Ahmedabad Plane Crash: प्लेन के पायलट सुमित सभरवाल का पार्थिव शव मुंबई लाया गया

by Manu
सुमित सभरवाल

मुंबई, 17 जून 2025: एयर इंडिया के विमान AI-171 के 12 जून 2025 को अहमदाबाद में टेकऑफ के कुछ ही पलों बाद क्रैश हो गया था। इस विमान के पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल का पार्थिव शरीर मंगलवार को मुंबई लाया गया। एक अधिकारी ने बताया कि सभरवाल का पार्थिव शरीर सुबह विमान से मुंबई हवाई अड्डे पहुंचा, जिसके बाद उनके परिवार के सदस्य इसे पवई के जलवायु विहार स्थित उनके घर ले गए।

पार्थिव शरीर को उनके आवास पर एक घंटे तक रखा गया, ताकि लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार चकला विद्युत शवदाह गृह में किया गया।

कौन है कैप्टन सुमित सभरवाल ?

कैप्टन सभरवाल अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ मुंबई में रहते थे। वह 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के साथ लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भर रहे थे, जब यह हादसा हुआ। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी थे। सभरवाल के पास 8,200 घंटे का उड़ान अनुभव था, जबकि कुंदर के पास 1,100 घंटे का अनुभव था।

यह हादसा बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के साथ हुआ, जिसने टेकऑफ के बाद मेडे कॉल दिया, लेकिन इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से कोई जवाब नहीं मिला। विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके परिणामस्वरूप 241 लोगों की जान चली गई।

ये भी देखे: Ahmedabad Plane Crash: देखें कैसे 10 मिनट की देरी ने बचाई भूमि चौहान की जान

You may also like