बेंगलुरु, 18 जुलाई 2025: दिल्ली के बाद अब भारत के सिलिकॉन वैली कहे जाने वाले बेंगलुरु में 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे शहर में हड़कंप मच गया। बेंगलुरु पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह शहर के विभिन्न निजी स्कूलों, जिनमें आरआर नगर और केंगेरी जैसे इलाके शामिल हैं, को धमकी भरे ईमेल मिले। इन ईमेल्स में दावा किया गया कि स्कूलों की कक्षाओं में ट्रिनाइट्रोटोल्यूइन (TNT) जैसे विस्फोटक उपकरण काले प्लास्टिक बैग में छिपाकर रखे गए हैं।
सुबह 7:24 बजे मिले इन ईमेल्स के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बेंगलुरु पुलिस ने फौरन कार्रवाई शुरू की और बम निरोधक दस्तों, श्वान दस्तों और अन्य जांच टीमों के साथ स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया। सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गहन जांच के बाद पुलिस ने बताया कि स्कूलों में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और ये धमकियां प्रारंभिक तौर पर फर्जी प्रतीत हो रही हैं।
पुलिस अब इन ईमेल्स की उत्पत्ति का पता लगाने के लिए साइबर क्राइम यूनिट के साथ मिलकर जांच कर रही है। इस घटना ने अभिभावकों, छात्रों और स्कूल कर्मचारियों में दहशत पैदा कर दी है।
ये भी देखे: दिल्ली के चार और बड़े नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप